नई दिल्ली: दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जंग को जुलाई 2013 में तत्कालीन मनमोहन सरकार ने उपराज्यपाल नियुक्त किया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके बीच प्रशासन के अधिकारों को लेकर अकसर विवाद वाली स्थिति रही।
जंग की ओर से अचानक लिये गये इस फैसले की कोई वजह नहीं बतायी गयी है। उन्होंने एक पत्र में दिल्ली की जनता का आभार प्रकट करते हुए अकादमिक क्षेत्र में लौट जाने की बात कही है। गौरतलब है कि जंग उपराज्यपाल बनने से पूर्व दिल्ली के जामिया मिलिया विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर थे। अभी जंग का कार्यकाल करीब एक साल का बचा हुआ था।