रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि सिर्फ नौकरशाही के बल विकास को गति नहीं दी जा सकती है। विकास के लिए सिविल सोसाइटी को मजबूत होना होगा। सिविल सोसाइटी जितनी मजबूत होगी, भ्रष्टाचार और लालफीताशाही उतनी ही कम होगी। सीएम ने कहा कि हमें नौकरशाही से संघर्ष करना होगा। फाइलों की मूवमेंट में तेजी लानी होगी।
बहुमत की सरकार में पूर्ण विकास का लक्ष्य पूरा करना है। गुरुवार को राज्य स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि 20 सूत्री के निर्माण के पीछे सोच थी कि राजसत्ता पर जनसत्ता का दबाव बना रहे, क्योंकि सरकार की योजनाओं से जनता जितनी जुड़ेगी, योजनाएं उतनी ही सफल होंगी। सीएम ने कहा कि राज्य में काफी समस्याएं हैं। इसे झुठलाया नहीं जा सकता। 14 साल की राजनीतिक अस्थिरता के कारण जनता ने काफी कष्ट उठाया है, लेकिन अब लोग विकास चाहते हैं। राज्य तेजी से विकास करे इसके लिए सरकार और नौकरशाह को अपनी कार्यसंस्कृति को बदलना होगा।