काहिरा: इस्लामिक स्टेट आतंकी समूह ने काहिरा में रविवार को चर्च में हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है। इस हमले में 25 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। हमले में करीब 50 लोग घायल भी हुए हैं।

आतंकी समूह ने ऑनलाइन जारी किए गए एक बयान में कहा है कि अबु अबदुल्लाह अल-मासरी नामक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक बेल्ट से खुद को उड़ा लिया था। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी ने पीड़ितों के लिए आयोजित शोकसभा में सोमवार को हिस्सा लिया। राष्ट्रपति ने कहा कि इस हमले में महमूद शफ़ीक मोहम्मद मुस्तफा नामक 22 वर्षीय युवक का हाथ था। उन्होंने बताया कि इस हमले के संबंध में एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मध्य काहिरा के अब्बासिया जिले में स्थित सेंट पीटर्स चर्च में रविवार को सुबह करीब दस बजे प्रार्थना सभा के दौरान हुए विस्फोट में 25 लोग मारे गए तथा करीब 50 लोग घायल हो गए थे। विस्फोट इतना भीषण था कि इसका असर चर्च से लगे सेंट मार्क्‍स कैथ्रेडल तक हुआ।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version