दुबई: संयुक्त अरब अमीरात के रस अल खमा शहर में घने कोहरे की वजह से 26 वाहनों की भिडंत होने से एक 60 वर्षीय भारतीय व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। खलीज टाइम्स ने चिकित्सा अधिकारियों के हवाले से बताया, ‘‘केवल एक ही यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ था, उसकी पहचान नहीं हो सकी है। उसे गंभीर अवस्था में सक्र अस्पताल ले जाया गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। बहुत ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई।’’
अधिकारी ने बताया कि चार अन्य घायलों की सेहत में सुधार हो रहा है और उनकी हालत स्थिर है। रस अल खमा में यातायात और गश्ती विभाग के निदेशक कर्नल अली सईद अल अल्कीम ने बताया, ‘‘सुरक्षित दूरी बनाना, गति सीमा कम करना और लेन के नियमों का पालन करना कभी कभार बहुत जरूरी हो जाता है खासतौर से कोहरे के दौरान जब ज्यादातर हादसों की प्रमुख वजह गलत ढंग से टेकओवर करना होता है।’’ अल सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता 100 मीटर से भी कम होती है। रविवार को कोहरे के कारण दुबई पुलिस ने 107 हादसे दर्ज किए। कोहरे के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ और दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इस हफ्ते की शुरूआत में कई उड़ानों में विलंब हुआ और कई तो रद्द करनी पड़ी। हफ्तेभर में यह ऐसा दूसरा बड़ा हादसा है जिसमें कोई भारतीय हताहत हुआ है। रविवार को एक बस दुर्घटना में दो भारतीय कामगारों की मौत हो गई थी।