गुमला। घाघरा थाना अंतर्गत कोटामाटी गांव में मंगलवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने तेजधार हथियार से वार कर 40 वर्षीय व्यक्ति की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। बुधवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने खेत में युवक का शव देखा। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में लेकर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतक के परिजनों का बयान लिया जा रहा है। साथ ही अपराधियों की तलाश की जा रही है।
मजदूरी करता था युवक
मृतक का की पहचान 40 वर्षीय सीताराम उरांव के रुप में हुई है। मृतक के पिता सत्यनारायण उरांव ने बताया कि सीताराम गांव में ही मजदूरी करता था। मंगलवार को वो गांव में ही खलिहान में मजदूरी कर रहा था। शाम को घर नहीं लौटा। देर रात तक घरवालों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसकी लाश देखी जिसके बाद उसके परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी गयी।
चेहरे पर हथियार से वार के हैं निशान
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मृतक के चेहरे और गले पर तेजधार हथियार से वार कर निर्मम तरीके से हत्या की गयी है। फिलहाल, हत्या किसने और क्यों की इसका पता नहीं चल पाया है। मृतक के परिजनों से पूछताछ के बाद जांच पड़ताल की जा रही है।