रांची। सीएम रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के लिए रोजगार के नये रास्ते खुल रहे हैं। झारखंड को टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में अरविंद स्मार्ट टेक्सटाइल की पहली यूनिट के उद्घाटन और फेज-दो का भूमि पूजन किया गया है। आनेवाले समय में और टेक्सटाइल कंपनियां झारखंड में अपना उत्पादन शुरू करेंगी।
मुख्यमंत्री रविवार को रांची के रामपुर में अरविंद स्मार्ट टेक्सटाइल की पहली यूनिट के उद्घाटन और फेज-दो के भूमि पूजन के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग में सबसे ज्यादा रोजगार के अवसर हैं। इसे बढ़ावा देने के लिए सरकार ने देशभर में सबसे बेहतरीन टेक्सटाइल नीति बनायी है। इसका असर दिख रहा है। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए इस नीति में विशेष प्रावधान किया गया है। नीति के तहत महिलाओं को रोजगार देने पर कंपनी को अतिरिक्त 1000 की सब्सिडी दी जा रही है। प्रति पुरुष रोजगार पर पांच हजार रुपये और प्रति महिला रोजगार पर 6000 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। जल्द ही टेक्सटाइल नीति में कुछ संशोधन कर टेक्सटाइल पार्क बनाने को प्रोत्साहित किया जायेगा।
26 कंपनियों में 26 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोमेंटम झारखंड के बाद राज्य में अब तक वस्त्र उद्योग से संबंधित 30 कंपनियों का शिलान्यास किया जा चुका है। इसमें से चार कंपनियां ओरिएंट क्राफ्ट, किशोर एक्सपोर्ट, सिद्दिटेक और अरविंद मिल्स ने उत्पादन भी शुरू कर दिया है। अब अरविंद स्मार्ट टेक्सटाइल से ही 2000 लोगों को रोजगार मिला है। दूसरे फेज में छह हजार और लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। इनके अलावा 26 कंपनियां द्वारा 1367 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इससे 26000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के आठ कंपनियों के प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। कार्यक्रम में सविता कुमारी चतरा, रुबीना खातून गुमला, सावित्री टाटीसिल्वे और प्रियंका पटेल ने अपने अनुभव साझा किये।
इनकी रही उपस्थिति
इस दौरान खिजरी विधायक राम कुमार पाहन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, उद्योग सचिव के रविकुमार, उद्योग निदेशक जीशान कमर, अरविंद मिल्स के कार्यकारी निदेशक कुनील लालभाई, सीइओ सुशील कौल उपस्थित थे।