खूंटी। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शनिवार को खूंटी और तपकरा में चुनावी सभा को संबोधित किया। खूंटी के सुशील पाहन और तोरपा के झामुमो प्रत्याशी सुदीप गुड़िया के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। कहा कि महंगाई के बोझ तले जनता कराह रही है। प्याज सारे रिकार्ड तोड़ शतक बना चुका है। अन्य खाद्यान्न वस्तुएं भी महंगाई के रिकार्ड तोड़ने की ओर अग्रसर हैं। हेमंत ने कहा कि भाजपा ने 19 में 16 साल से अधिक झारखंड में शासन किया। राज्य की स्थिति बदतर हो गयी है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में कमीशनखोरी बढ़ी है। महंगाई गिफ्ट में मिली है। एक दिल्ली में बैठकर तो दूसरा झारखंड में रह कर इसे अंजाम दे रहा है।

चुनाव बाद एक हो जायेंगे भाजपा और आजसू
हेमंत ने कहा कि सत्ता में पांच साल तक एक साथ मलाई खाने वाली भाजपा-आजसू आज अलग-अलग चुनाव लड़ रही हंै। बिहार में गठबंधन वाली जदयू एवं लोजपा भी अलग लड़ रही है। ये लोग सोची समझी रणनीति के तहत वोट लूटने के गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं। बाद में फिर एक साथ हो जायेंगे। इनका मकसद सिर्फ झामुमो-कांग्रेस एवं राजद की महागठबंधन को सत्ता आने से रोकना है। सभा में झामुमो जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद, मकसूद अंसारी, मगन मंजीत तिड़ू, अजीत टोपनो, कांग्रेस के विनायक राय, छत्रपाल साहू आदि उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version