रांची। विधानसभा के नवनिर्मित भवन में बुधवार देर शाम आग लग गयी। भवन के डी ब्लॉक की पहली मंजिल पर स्थित विपक्ष की लॉबी और पत्रकार दीर्घा इस आग में जल गयी। करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। आग के कारण कितने का नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी भी नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार देर शाम करीब सात बजे विधानसभा भवन के पश्चिमी ब्लॉक में आग लगने का पता चला। बताया जाता है कि पहली मंजिल के स्टोर रूम में सबसे पहले आग लगी। वहां से यह आग फैलती गयी और नियंत्रण से बाहर होने के बाद वहां काम कर रहे मजदूरों को इसका पता चला। आग चार अलग-अलग हिस्सों में आग लगी थी। जानकारी के मुताबिक विधानसभा भवन के पश्चिमी हिस्से में विपक्ष की लॉबी है। आग के कारण पूरी लॉबी जल गयी। बगल में स्थित पत्रकार दीर्घा भी जल गयी।
आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गयी। दमकल गाड़ियों के पहुंचने तक विधानसभा भवन का पश्चिमी हिस्सा पूरी तरह लपटों में घिर चुका था। एक-एक कर 10 दमकल गाड़ियां वहां पहुंचीं और करीब साढ़े सात बजे आग बुझाने का काम शुरू हुआ। रात साढ़े 10 बजे लपटों को बुझा दिया गया था।
12 सितंबर को पीएम ने किया था उद्घाटन
झारखंड विधानसभा के इस नये भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 सितंबर को किया था। यह विधानसभा भवन छह लाख वर्ग फीट क्षेत्रफल में तैयार किया गया है। विधानसभा भवन को थ्री स्टार मिले हैं। भवन के निर्माण पर 366.57 करोड़ रुपये की लागत आयी है। आंतरिक साज-सज्जा पर करीब एक सौ करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं। चार तल्लों के भवन में चार सौ से अधिक कारों के लिए कवर्ड पार्किंग की व्यवस्था है। इसका निर्माण रामकृपाल कंस्ट्रक्शन ने किया है। इसे 10 दिसंबर को हैंडओवर किया जाना था। विधानसभा के सचिव ने मंगलवार को इसका निरीक्षण किया था। नये भवन में उद्घाटन के बाद एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया था।
Previous Articleजमशेदपुर लाइव : रघुवर दास के चार घंटे
Next Article उइगर ऐक्ट लाने पर चीन आग बबूला