गिरिडीह। मुख्यमंत्री ने बुधवार को पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र के हरलाडीह में चुनावी जनसभा को संबोधित कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनायीं। साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा पर जमकर निशाना साधा।
सीएम रघुवर दास ने झामुमो को ‘झारखंड लूटो मोर्चा’ की संज्ञा देते हुए कहा कि बाप-बेटा ने आदिवासी-मूलवासी के नाम पर राजनीति कर झारखंड को केवल लूटा है। झामुमो के नेताओं ने गरीब आदिवासियों को दारू पिलाकर जगह-जगह जमीन खरीदी है। आदिवासी-मूलवासी के नाम पर इनकी राजनीति का अब पर्दाफाश हो गया है।
मुख्यमंत्री ने सवालिया लहजे में कहा कि राज्य में झामुमो की सरकार थी, तब किसी आदिवासी गरीब को कुछ मिला क्या? उन्होंने आरोपों की बौछार करते हुए कहा कि कांग्रेस और झामुमो ने मधु कोड़ा सरकार के कार्यकाल में करोड़ों का घोटाला किया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया गैरमजरूवा जमीन की रसीद निर्गत करने का काम जल्द शुरू हो जायेगा। आचार संहिता समाप्त होने के बाद विकास के काम तेजी से होंगे। उन्होंने पारसनाथ समेत विभिन्न पर्यटन स्थल का समुचित विकास का भरोसा दिया। कहा कि पारसनाथ में जल्द रेल लाइन का काम शुरू हो जायेगा। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए रघुवर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में 30 लाख घरों में बिजली की सुविधा मिली है। माताओं-बहनों को शौचालय, गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास, गोल्डेन कार्ड, स्किल डेवलप कर युवाओं को रोजगार दिया गया है। 70 पावर ग्रिड तथा 200 से अधिक पावर सबस्टेशन बनाये जा रहे हैं। भाजपा सरकार में गावों में भी 24 घंटा बिजली मिलेगी। मौके पर गिरिडीह विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, उत्तर प्रदेश के विधायक अमीषा अनुरागी, शरत भक्त, अरविंद रॉय समेत दर्जनों नेताओं ने सभा को संबोधित किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version