राजधानी में गुरुवार को लोकतंत्र के महापर्व का युवा जोश दिखा। फर्स्ट टाइमर वोटर उत्साहित दिखे। वहीं आधी आबादी भी वोट देने में पीछे नहीं रही। वोटर कमोबेश अहले सुबह मतदान केंद्रों पर पहुंच गये थे। मानो सुबह-सवेरे मतदाताओं में वोट देने की होड़ मच गयी हो। इसी कारण कई केंद्रों पर मतदान शुरू होने के साथ ही लंबी कतार लग गयी। इसमें आधी आबादी के अलावा मॉर्निंग वाकर, युवा भी शामिल थे। कई बूथों पर लंबी-लंबी कतारें मतदाताओं का उत्साह बयां कर रही थीं। एक-एक वोटर इस मौके को गंवाना नहीं चाह रहे थे। इतना ही नहीं, दोपहर में मौसम की नरमी के साथ ही मतदाताओं का उत्साह भी थोड़ा नरम रहा।

धौनी ने पत्नी संग किया मतदान, फैंस में खुशी
लोकतंत्र के महापर्व में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी भी भागीदार बने। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी और माता-पिता भी थे। सभी ने डोरंडा स्थित जेवीएम श्यामली स्कूल में बने बूथ पर मतदान किया। धौनी के पहुंचते ही बूथ पर होड़ मच गयी। प्रशंसक उनके साथ सेल्फी लेने को आतुर दिखे। जैसे ही लोगों को पता चला कि धौनी यहां आकर वोट करने वाले हैं, तो मतदान करने के बावजूद लोग उनकी एक झलक पाने के लिए इंतजार में खड़े रहे। धौनी के साथ मतदान करने का मौका मिलने पर लोगों में काफी खुशी देखी गयी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version