रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शनिवार को सात जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, गुमला और खूंटी की 20 विधानसभा सीटों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सुबह से ही मतदाताओं की कतार मतदान केंद्रों पर दिखी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री रघुवर दास और उनकी पत्नी ने भालुबासा हरिजन स्कूल में बनाये गये आदर्श मतदान केंद्र में मतदान किया। वोट करने के बाद उन्होंने कहा कि जिस स्कूल में उन्होंने मैट्रिक की पढ़ाई की, वहीं वोट दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने चक्रधरपुर में अपने पैतृक गांव टोकलो के बूथ नंबर 74 पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कोल्हान की सभी 14 सीटों पर बीजेपी की जीत का दावा किया। जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय प्रत्याशी सरयू राय भी वोट डालने पहुंचे। सिमडेगा में भाजपा प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा ने बाघचट्टा के बूथ में मतदान किया। सिमडेगा में ही जदयू के मोहन कच्छप ने भी मतदान किया। कोलेबिरा में कांग्रेस प्रत्याशी विक्सल कोंगाड़ी ने भी वोट डाला। उन्होंने कई बूथों पर रोशनी की व्यवस्था नहीं होने को लेकर नाराजगी जतायी। विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने पत्नी के साथ सिसई विधानसभा के मुरगु गांव स्थित बूथ नंबर 69 पर मतदान किया। वह बीजेपी के सिसई से उम्मीदवार हैं।
चाईबासा में भाजपा प्रत्याशी जेबी तुबिद ने अपनी पत्नी एवं पूर्व मुख्य सचिव राजबाला वर्मा के साथ मतदान किया। सिमडेगा में आइरीन एक्का ने अपने गांव में मतदान किया। वह कोलेबिरा से झारखंड पार्टी की उम्मीदवार हैं। आइरीन ने अपने गांव करजी डांड़ में मताधिकार का प्रयोग किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version