जुगसलाई/मांडर। आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने दूसरे चरण के प्रचार अभियान के दौरान बुधवार को जुगसलाई और मांडर में कई जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पहले भी एमपी और एमएलए चुने गये हैं, लेकिन कोई मजबूत सोच के साथ आगे नहीं बढ़ा। आजसू की सरकार बनी तो मदरसा के बच्चों को भी एमडीएम दिया जायेगा। आजसू पार्टी हमेशा से महिलाओं के मान-सम्मान के लिए लड़ती रही है। महिलाओं और अल्पसंख्यकों को सबसे ज्यादा टिकट देने वाली पार्टी भी आजसू ही है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव वयस्क हो चुके झारखंड का भविष्य तय करेगा। इसलिए सोच-समझ कर वोट करें।
बीडीओ-सीओ प्रथा समाप्त कर गांव की सरकार बनायेंगे
सुदेश ने कहा कि बीडीओ-सीओ प्रथा को समाप्त कर गांव की सरकार बनायी जायेगी। आजसू ही गांधी के सपनों की सरकार बना सकती है, क्योंकि इसके पास असली झारखंड बनाने का विजन है। उन्होंने कहा कि गांव की सरकार में फैसले चौपालों में लिये जायेंगे और वही अंतिम होगा।
झामुमो-झाविमो को लिया निशाने पर
सुदेश महतो ने कहा कि बंधु तिर्की जिस पार्टी में है, उस पार्टी का उस समय जन्म भी नहीं हुआ था, जब आजसू के लोग अलग राज्य के लिए डंडे खा रहे थे। हेमंत सोरेन एवं महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सीएनटी एक्ट सिर्फ हेमंत सोरेन पर लागू नहीं होता है।
पहली कैबिनेट में लागू होगा सरना कोड
पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि पूरे प्रदेश मे आजसू पार्टी और सुदेश महतो की चर्चा हो रही है। जो हमारी औकात की बात करते थे, आज वे परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनी तो कैबनेट की पहली बैठक में सरना कोड लागू करने संबंधी निर्णय पारित किया जायेगा।
Previous Articleत्रिवेणी सैनिक के जीएम की गोली मार कर हत्या
Next Article जमशेदपुर लाइव : रघुवर दास के चार घंटे