कांके। आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने रविवार को कांके विधानसभा क्षेत्र के नगड़ी जतरा मैदान में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि आजसू राज्य से ‘लाट साहबी व्यवस्था’ खत्म करेगी। उन्होंने कहा कि स्वराज स्वाभिमान यात्रा के पीछे के मकसद को साकार करने की घड़ी आ चुकी है। आजसू का लक्ष्य झारखंड में ग्राम स्वराज स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ सीधे गरीबों तक पहुंचे, यह भी उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी सेवा का अवसर इसी के लिए मांग रही है। पंच का फैसला सरकार का फैसला बनेगा, यही तैयारी है। सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड का चुनाव सिर्फ और सिर्फ झारखंडी सवालों, विषयों पर होना चाहिए, किसी राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय मसलों पर नहीं। आजसू ने हमेशा से झारखंड के लिए राजनीति की है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि नया झारखंड इंकलाबी मिजाज में है। मौके पर पार्टी प्रत्याशी रामजीत गंझू, पार्टी प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत तथा अन्य लोग उपस्थित थे। सभा में आठ पंचायतों के लोगों ने आजसू का समर्थन करने का संकल्प लिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version