सोहराय भवन पहुंच कर मुख्यमंत्री ने खुद लिया तैयारियों का जायजा
महाधिवेशन को लेकर पूरे शहर को पार्टी के झंडों बैनरों से पाटा गया
50 तोरण द्वार बनाये गये
रांची। झामुमो का 12 वां महाधिवेशन 18 दिसंबर शनिवार को हरमू स्थित सोहराय भवन में होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को सोहराय भवन पहुंचे। वहां उन्होंने महाधिवेशन की तैयारियों का जायजा लिया। महाधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए प्रतिनिधियों का आना शुरू हो गया है। पाकुड़, साहेबगंज समेत कई जिलों से प्रतिनिधि रांची पहुंच चुके हैं। पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि महाधिवेशन में भाग लेने के लिए बंगाल, बिहार और ओड़िशा से प्रतिनिधि भी रांची पहुंच रहे हैं।
महाधिवेशन की तैयारी अंतिम चरण में है। कार्यक्रम 10 बजे आरंभ होगा। महाधिवेशन को लेकर पूरे शहर को पार्टी के झंडों बैनरों से सजाया गया है। शहर में 50 तोरण द्वार बनाये गये हैं। शहर में तोरण द्वार परंपरागत शहीदों के नाम पर बनाये गये हैं। इस बार बदलती परिस्थिति को भी ध्यान में रख कर तोरणद्वार के नाम रखे गये हैं। जैसे किसान शक्ति, मजदूर शक्ति, युवा शक्ति, महिला शक्ति, मूलवासी शक्ति, छात्र शक्ति व आदि सरना द्वार के नाम से भी तोरण द्वार बनाये गये हैं।
झारखंड के अलावा बंगाल, ओड़िशा से भी आयेंगे प्रतिनिधि
इस महाधिवेशन में झारखंड समेत पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, बिहार और असम के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। महाधिवेशन के दौरान कोरोना को लेकर सरकार की नयी गाइडलाइन का भी ध्यान रखा जायेगा।
केंद्रीय पदाधिकारियों का चुनाव होगा
एक दिवसीय महाधिवेशन में संचालन मंडलीय और केंद्रीय सदस्यों द्वारा केंद्रीय पदाधिकारियों का चुनाव किया जायेगा। महाधिवेशन में झारखंड समेत पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, बिहार और असम के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
इसे लेकर पार्टी की ओर से रजिस्ट्रेशन का काम किया जा रहा है। महाधिवेशन में केंद्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य के अलावा सभी संगठनात्मक जिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।