जयपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चीन को लेकर केन्द्र पर निशाना साधते हुए कहा है कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और सरकार सो रही है। चीन की धमकी साफ तौर पर नजर आ रही है, लेकिन सरकार चुप है। सरकार छुपा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुस्तान की सरकार इवेंट बेस काम करती है, जबकि चीन रणनीतिक रूप से काम कर रहा है। यह कोई साधारण घुसपैठ का मामला नहीं है, लेकिन केन्द्र सरकार सुनना नहीं चाहती है।

राहुल गांधी शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर जयपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। राहुल ने कहा कि चीन लगातार युद्ध की तैयारी कर रहा है। सरकार सोई हुई है। हमारी सरकार चीन की तैयारी को छिपाती है। हिंदुस्तान की सरकार रणनीतिक रूप से काम नहीं करती, इवेंट बेस काम करती है। जहां जिओ पॉलिटिक्स की बात आती है, वहां इवेंट काम नहीं आते, वहां ताकत काम आती है। विदेश मंत्री के बयान आते रहते हैं, उन्हें अपनी समझ गहरी करने की जरूरत है।

उन्होंने राजस्थान कांग्रेस में किसी भी तरह के मतभेदों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस व सरकार में किसी भी तरह के अनिर्णय की स्थिति नहीं है। हम लोकतांत्रिक पार्टी चला रहे हैं और पार्टी के लोग बोलना चाहें, तो डरा कर चुप नहीं करा सकते। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा और आरएसएस का काम बदनाम करने का है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में तानाशाही नहीं है। कांग्रेस में बयानबाजी और थोड़ी चर्चा होती है, जो अच्छी बात है। सिर्फ राजस्थान में ही नहीं, दूसरे राज्यों में भी यह चलता है।

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के चुनाव जीतने के कई कारण हैं। उनके पास भारी पैसा है, वे लोगों को धमकाते हैं। हम ऐसा नहीं करते और वे संसाधन हमारे पास नहीं हैं। हमारे पास उतना पैसा नहीं है। उनके सत्ता में आने का दूसरा कारण है कि वह नफरत फैलाते हैं, वे देश को बांटते हैं। जिस दिन कांग्रेस को यह समझ आ गया कि वह क्या है, उस दिन कांग्रेस हर चुनाव जीतेगी और एक दिन भाजपा को हम ही हराएंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से मुझे पर्सनली बहुत फायदा हुआ है। बहुत सीखने को मिला है। मेरी भी जनता से थाेड़ी दूरी थी, वह खत्म हो गई। जो सड़क पर चलने से दिखता है, वह बिल्कुल अलग होता है। जब सड़कों पर चलते हैं तो थोड़ी थकान और दर्द होता है, हम लाखों लोगों से मिलते हैं, बात करते हैं। हम किसान से मिलते हैं तो वह इस बात को समझ लेता है कि यह जो व्यक्ति आया है, यह दर्द सहकर आया है, फालतू में नहीं आया। फिर वह दिमाग से नहीं, दिल से बोलता है। हिंदुस्तान की जनता दिल से बोलती है, तो बात अलग होती है।

राहुल गांधी ने कहा कि नेताओं की जनता से एक दूरी सी पैदा हो गई है। अंहकार पैदा हो गया है। मैंने सोचा कि जनता और नेता की दूरी को खत्म करना है। यह दर्द की दूरी है। यात्रा का लक्ष्य यह भी था कि जनता के बीच के दर्द को समझा जाए। जनता का बहुत प्यार मिला है, आपको मैं समझा नहीं सकता। हमारी यात्रा राजनीति करने का दूसरा तरीका है। ये गांधीजी का तरीका है, राजस्थान में सबसे अच्छा रिस्पोंस है। राहुल ने कहा कि कन्याकुमारी से लेकर राजस्थान तक जमीन से एक बात समझ आई कि हमारे कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है, लाखों लोग कांग्रेस पार्टी से प्यार करते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा शुरू होने पर मीडिया ने कहा था कि दक्षिण भारत में सफल यात्रा उत्तर भारत में कामयाब नहीं होगी। उसके बाद जब यात्रा मध्यप्रदेश में आई, तो लोगों ने कहा कि यहां तो कामयाब हो गई लेकिन आगे राह कठिन है, लेकिन जैसे-जैसे ये यात्रा आगे बढ़ रही है, लोगों का समर्थन और मिलता जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि राजस्थान में लाखों लोग यात्रा का हिस्सा बने। कांग्रेस संगठन ने शानदार काम किया। हम भाजपा की हिंसा के खिलाफ खड़े हो रहे है और उसमें जनता का शानदार साथ मिल रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version