गढ़वा। जिले के भंडरिया के रोदो गांव में तेंदुए ने एक बच्चे पर हमला कर उसे मार डाला। मिली जानकारी के अनुसार रोदो गांव निवासी रामनाथ तुरी का पांच वर्षीय पुत्र बिस्कुट लाने के लिए दुकान गया था। इस बीच तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों ने देर रात तक बच्चे की खोजबीन की लेकिन बच्चा नहीं मिला। गुरुवार को ग्रामीणों ने बच्चे की खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों ने देखा कि घटनास्थल से कुछ दूर बच्चे का कपड़ा पड़ा हुआ था। कपड़े से कुछ दूरी पर बच्चे का शव पड़ा था। तेंदुए ने बच्चे के शरीर के आधे हिस्से को खा लिया था। जहां घटना घटी है वह क्षेत्र पलामू टाइगर रिजर्व एरिया से सटा हुआ है। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश कर रही है।