आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली। गुजरात में भाजपा लगातार 7वीं बार सरकार बना रही है। इस जीत के बाद जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करने दिल्ली के भाजपा हेड आॅफिस में पीएम नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता जनार्दन के सामने नतमस्तक हूं, ये जनादेश अभिभूत करने वाला है। जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर आपके स्नेह का साक्षी है। मैं गुजरात, हिमाचल और दिल्ली की जनता का आभार जताता हूं। आपका प्यार उपचुनावों में भी दिखा। यूपी के रामपुर में भाजपा जीती है। बिहार के चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का प्रदर्शन कर रहा है।
गुजरात का प्यार अभूतपूर्व : मोदी ने कहा कि चुनावों के दौरान मैंने गुजरात की जनता से कहा था, इस बार नरेंद्र का रिकॉर्ड टूटना चाहिए। मैंने वादा किया था कि भूपेंद्र नरेंद्र का रिकॉर्ड तोड़ें, इसके लिए मैं जी जान से कोशिश करूंगा। जनता ने गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर नया इतिहास रच दिया है। ढाई दशक से लगातार सरकार में रहने के बावजूद ऐसा प्यार अभूतपूर्व है। लोगों ने जाति-वर्ग आदि विभाजन से ऊपर उठ कर भाजपा को वोट दिया।
युवाओं ने हमारे काम पर भरोसा किया : पीएम ने कहा कि इस चुनाव में वोट देने वाले एक करोड़ से भी ज्यादा ऐसे वोटर्स थे, जिन्होंने कांग्रेस का कुशासन नहीं देखा, सिर्फ भाजपा की ही सरकार देखी। युवा सवाल पूछना जानते हैं। युवा तभी वोट देते हैं, जब उन्हें भरोसा दिखता है, जब उन्हें काम दिखता है। युवाओं ने भाजपा को वोट देकर संदेश दिया है कि युवाओं ने हमारे काम को जांचा-परखा और उस पर भरोसा किया।
युवा विकास वाली योजनाएं चाहते हैं : पीएम मोदी बोले- युवा भाजपा की विकास वाली योजनाएं चाहते हैं। युवाओं को न जातिवाद चाहिए न परिवारवाद। युवाओं का दिल विजन और विकास से ही जीता जा सकता है। जब महामारी के घोर संकट के बीच बिहार में चुनाव हुए थे, तब जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया।
विकसित गुजरात से विकसित भारत का निर्माण : उन्होंने कहा कि मैं बड़े-बड़े एक्सपर्ट को याद दिलाना चाहता हूं कि विकसित गुजरात से विकसित भारत का निर्माण। गुजरात के नतीजों ने सिद्ध कर दिया है कि देश के सामने जब कोई चुनौती होती है तो जनता का भरोसा भाजपा पर होता है। देश पर कोई संकट आता है तो जनता का भरोसा भाजपा पर होता है। देश बड़े लक्ष्य तय करता है तब जनता का भरोसा भाजपा पर होता है।