रांची। जिस पिता ने गोद में खिलाया, उनका हाथ पकड़ कर चलना सीखा, उस पिता की अर्थी को जब बेटी ने कंधा देकर अंतिम विदाई दी, तो सभी की आंखें भर आयीं। लाडली बेटी वर्तमान में विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने पुरानी मान्यता को तोड़ते हुए पिता की अर्थी को न केवल कंधा दिया, बल्कि श्मशान तक जाकर मुखाग्नि दी और अंतिम संस्कार किया। बेटा ही पिता की चिता को मुखाग्नि देता है, लगता है यह बात अब गुजरे जमाने की हो चुकी है। रविवार को बेटी दीपिका ने बेटे का फर्ज निभाते हुए पिता का अंतिम संस्कार किया। विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने अपने दिवंगत पिता अरुण पांडेय को रविवार को मुखाग्नि दी। सीठियो श्मशान घाट में उनके अंतिम संस्कार के मौके पर कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों के भी कई प्रतिष्ठित लोग उपस्थित थे। इससे पहले दीपिका पांडेय के सेक्टर 2 धुर्वा स्थित आवास से शव यात्रा निकली। अपने पिता को कंधा देते हुए जब दीपिका आगे बढ़ी, तो वे फफक कर रो पड़ीं। इस दौरान माहौल गमगीन भी हो गया। हर किसी की आंखें नम हो गयीं। इसके बाद शव यात्रा अरुण पांडेय के सेक्टर-2 स्थित मकान के पास ले जायी गयी, जहां लोगों ने श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ पिंटू, पूर्व डिप्टी मेयर अजयनाथ शाहदेव, कांग्रेस नेता आलोक कुमार दुबे, झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष आफताब आलम सहित कई गन्यमान्य लोग भी शामिल हुए।
बताते चलें कि अरुण पांडेय का स्वास्थ्य पिछले एक साल से खराब चल रहा था। वे अपनी बेटी दीपिका पांडेय के घर में रहते थे। लंबी बीमारी के बाद शनिवार को उनका निधन हो गया था। वे अपने पीछे तीन बेटी और पत्नी को छोड़कर चले गये। महागामा विधायक दीपिका पांडेय उनकी सबसे बड़ी बेटी है। एक बेटी कनाडा में रहती है, जो रविवार की सुबह तक रांची नहीं आ सकी। अरुण पांडेय 1973 से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय राजनीति में रहे। कांग्रेस के हर कार्यक्रम और लोगों की सेवा करने में वे हमेशा आगे रहते थे। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी कांग्रेस की सेवा में लगा दी थी। पत्नी प्रतिभा पांडेय झारखंड कांग्रेस महिला की अध्यक्ष रहीं। वे महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं।
विधायक दीपिका ने पिता को दिया श्मशान तक कंधा, दी मुखाग्नि
Previous Articleमन की बात में पीएम मोदी ने की झारखंड के मंगलो गांव की सराहना
Next Article कोबरा गैंग के नाम पर मांगी एक करोड़ की रंगदारी
Related Posts
Add A Comment