रांची। नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी शनिवार को विजय दिवस पर पोदना बलमुचू से मिले। इस दौरान उनके संग विधायक अमित मंडल और भानु प्रताप शाही भी मौजूद थे। 1971 में भारत-पाक युद्ध में योगदान दे चुके पोदना राजभवन के समक्ष पिछले दो सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर धरना पर बैठे हैं।
उनसे मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते बाउरी ने कहा कि विजय दिवस के दिन भारत पाक युद्ध में शामिल देश के जांबाज सिपाहियों से इस हाल में मिलना चिंताजनक है। पोदना अपने घर से 150 किलोमीटर की पदयात्रा कर रांची आए हैं और धरने पर हैं लेकिन राज्य सरकार की तरफ से उन्हें दिए गए आश्वासन और किए गए वादे अबतक पूरे नहीं हुए हैं। ना ही कोई प्रतिनिधिमंडल पोदना से मुलाकात करने पहुंचा है। इस कड़कड़ाती ठंढ में उनकी 70 वर्षीय पत्नी की तबीयत तक खराब हो गयी है। यह दिखाता है कि आज राज्य में सरकार का हर वर्ग सरकार के रवैये से परेशान है।सरकार की गलत नीतियों का दंश सबों को झेलना पड़ रहा है। विवश होकर लोग आंदोलनरत हैं।
नेता प्रतिपक्ष एवं विधायकों ने पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक, झारखंड के दिव्यांग जन, भूतपूर्व सैनिक, जेटेट सफल सहायक अध्यापक एवं अन्य वर्गों के बीच जाकर भी उनकी मांगों को विस्तार से समझा। हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान अमर बाउरी ने भरोसा दिलाते कहा कि मौजूदा शीतकालीन सत्र में राजभवन के समक्ष चल रहे विभिन्न संगठनों के धरना कार्यक्रमों और राज्य के जनता के महत्वपूर्ण विषयों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। सरकार को इन मुद्दों पर सकारात्मक जवाब देने के लिए मजबूर किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों के इस लड़ाई में भाजपा उनके साथ खड़ी है।