रांची। झारखंड की राजधानी में कुख्यात अपराधियों के नाम पर रंगदारी मांगने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। राँची की पुंदाग थाना पुलिस ने भाजपा (BJP) के प्रदेश प्रवक्ता और व्यवसायी को धमकी देने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने खुद को जेल में बंद गैंगस्टर अमन साहू गिरोह का सदस्य बताकर रंगदारी की मांग की थी।
व्हाट्सएप मैसेज से मांगी थी ‘प्रोटेक्शन मनी’ जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप मैसेज भेजकर दहशत फैलाने की कोशिश की। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम सौरभ सिंह बताया और खुद को अमन साहू गिरोह का गुर्गा बताते हुए ‘प्रोटेक्शन मनी’ (रंगदारी) की मांग की। इतना ही नहीं, पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता ने पुंदाग थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। राँची पुलिस ने तकनीकी सेल (Technical Cell) की मदद से लोकेशन ट्रैक की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि क्या उसका संबंध वाकई किसी आपराधिक गिरोह से है या उसने केवल दहशत फैलाकर पैसे वसूलने के लिए अमन साहू के नाम का सहारा लिया था।

