रांची। राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रमजान कॉलोनी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। अपने ससुराल में रह रही सजबीन परवीन का शव उसके कमरे से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग रांची पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि मौके पर मायके और ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर लोअर बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही सजबीन परवीन को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर मायके से संपत्ति में हिस्सा लाने और समय-समय पर पैसों की मांग का दबाव बनाया जाता था। परिजनों का दावा है कि मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
लोअर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की हो सकती है, जबकि पुलिस को इसकी सूचना रात लगभग दो बजे दी गई। सूचना देने में हुई देरी के कारण मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

