रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान लेने और दिशा-निर्देश के बाद रविवार को खेल विभाग के अधिकारी सड़क दुर्घटना में घायल फुटबॉल खिलाड़ियों की सुधि लेने रिम्स पहुंचे। खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा ने रिम्स पहुंचकर घायल खिलाड़ियों का हालचाल जाना। घायल खिलाड़ियों को अलग-अलग वार्डों में भर्ती किया गया है। इनमें बिटवीन डुंगडुंग को सर्जरी मेडिसिन में भर्ती किया गया है। गोविंदा मांझी को सीबी सहाय के न्यूरो वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि तीसरे घायल खिलाड़ी इनोसेंट मिंज अभी सीओटी में इलाजरत हैं। उन्हें भी कुछ देर के बाद डॉक्टर गोविंद कुमार के वार्ड (ए-2) में भेज दिया जाएगा।
घायल खिलाड़ियों से मिलने वालों में खेल निदेशक के अलावा पूर्व हॉकी ओलंपियन मनोहर टोपनो, खेल सलाहकार (झारखंड खेल प्राधिकरण) देवेंद्र कुमार सिंह एवं हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह भी शामिल हैं। रांची के जिला खेल पदाधिकारी एवं हॉकी झारखंड के पदाधिकारी को भी खेल निदेशक ने दिशा-निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सिमडेगा में आयोजित खेलो झारखंड प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद फुटबॉल खिलाड़ी शनिवार को अपने घर लौट रहे थे। घर वापसी के क्रम में रंगारी हाई स्कूल, सिमडेगा के ये प्लेयर्स सड़क दुर्घटना में घायल हो गये थे, जबकि गंभीर रूप से घायल अनमोल केरकेट्टा की जान चली गई थी। घायल खिलाड़ियों को शनिवार को ही रिम्स, रांची भेज दिया गया था।