आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने के विरोध में झारखंड कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता राजधानी रांची सहित विभिन्न जिलों में आंदोलन कर रहे हैं। मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में संकल्प सत्याग्रह किया गया। इससे पहले कांग्रेस के नेताओं और कार्यकतार्ओं ने बापू वाटिका में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चरणों पर पुष्प अर्पित किया और राहुल गांधी के मिशन को आगे बढ़ाने और उन्हें न्याय दिलाने का संकल्प लिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हमलोग महात्मा गांधी के बताए रास्ते का पालन करते हुए सत्याग्रह कर रहे हैं। एक लंबी लड़ाई है, जिसे लड़ने के लिए आज हम धरना पर बैठे हुए हैं। हमारा प्रयास होगा कि राहुल गांधी ने अडाणी के खिलाफ जो आवाज उठाई है, उसे अंजाम तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जिस तरह की कार्रवाई राहुल गांधी पर की गयी है। इससे तो लगता है कि देश में लोकतंत्र खतरे में है। इस लोकतंत्र को बचना हमारी जिम्मेदारी है। बाबा साहेब ने जो संविधान देश को दिया, उसे कुचलने का काम किया जा रहा है। आज हम गांधी जी के चरणों में बैठेंगे। पूरे दिन धरना देंगे। हम तय करेंगे कि जिस लड़ाई को राहुल गांधी ने शुरू किया है, उसे कैसे अंजाम तक पहुंचाया जाए।
लोकतंत्र को उखाड़ने की व्यवस्था चल रही : बन्ना गुप्ता
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि देश में जिस तरह लोकतंत्र को उखाड़ने की व्यवस्था चल रही है, वह कहीं न कहीं देश के लिए सही नहीं है। इस तरह की चीजों को देश कभी स्वीकार नहीं करेगी। अडाणी ने एलआईसी का पैसा नहीं लूटा है, उसने लाखों लोगों की उम्मीदों को लूटा है। लोग थोड़ा-थोड़ा कर अपने भविष्य के लिए, अपने बच्चों के भविष्य के लिए पैसे जमा करता है। एलआईसी का सौदा कर लोगों की उम्मीदों का सौदा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दुनिया के सबसे बड़े घोटाले के खिलाफ आवाज उठाई तो ये लोग डरने लगे। ये इस तरह की हरकत करने लगे हैं। हम कांग्रेस के लोग हैं। हम जुल्म से डरने वाले लोग नहीं हैं। हमारा इतिहास देश की आजादी के साथ जुड़ा हुआ है। हमने अंग्रेजों को भगाया है। जुल्म तो जुल्म है। बढ़ता है, मिट जाता है। ये जितना जुल्म करेंगे हम उतना ही मजबूत होंगे।
देश में कॉरपोरेट घराना हावी होगा, ऐसा शहीदों ने सोचा नहीं होगा : दीपिका
विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इस देश में कोई एक कॉरपोरेट घराना हावी हो जाएगा। ऐसा देश के लिए शहीद होने वालों ने कभी कल्पना नहीं की होगी। देश को संविधान देने वाले बाबा साहेब अंबेडकर की सोच में भी ऐसा नहीं होगा। गांधी जी की सोच में भी यह बात नहीं होगी। सवाल एक ही है कि देश का 20 हजार करोड़ शेल कंपनी के माध्यम से अडाणी में किसने लगाया? एसबीआई और एलआईसी में देश की जनता का जो पैसा है, उसे मोदी ने अपने दोस्त को क्यों दे दिया? इसका जवाब हम सत्याग्रह से लेंगे। इसी के लिए आज हम यहां बैठे हुए हैं।