रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। श्री प्रकाश ने कहा कि परिवारवादी पार्टियों को लोकतंत्र पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। झामुमो जैसी परिवारवादी पार्टी राजतंत्र की मानसिकता से ग्रसित हैं।
कहा कि झामुमो बताए जिस पार्टी में पिता अध्यक्ष, पुत्र कार्यकारी अध्यक्ष, मां उपाध्यक्ष और भाभी एवं भाई सभी केंद्रीय पदाधिकारी हों उसमे कौन सी लोकतांत्रिक व्यवस्था चल रही है। उन्होंने कहा हेमंत जी बताएं आपातकाल लगाकर देश में लोकतंत्र को समाप्त करने की साजिश करने वाली कांग्रेस से लोकतंत्र का कैसे भला होगा। श्री प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस और उसकी परिक्रमा करने वाली झामुमो, राजद,समाजवादी पार्टी,तृणमूल आदि सभी क्षेत्रीय पार्टियां मिलकर देश में परिवार तंत्र लाना चाहते हैं। अपने अपने क्षेत्रों का क्षत्रप बनकर जनता की गाढ़ी कमाई से अपनी तिजोरी भरना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसा कभी नहीं होने देगी। भारत की आत्मा लोकतंत्र है। यहां के डीएनए में लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने अब ऐसी पार्टियों के मंसूबों पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। ऐसी पार्टियों की वास्तविकता उजागर हो चुकी है।
वर्तमान में देश का लोकतंत्र खतरे में है: हेमंत सोरेन
बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय सामाजिक न्याय महासंघ के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे। हेमंत सोरेन ने कहा कि आज जहां एक तरफ देश में अमृतकाल और विश्व गुरु की संज्ञा दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर हमलोग सामाजिक न्याय मांग रहे हैं। केंद्र सरकार की गलत नीतियों और निर्णयों के कारण देश का लोकतांत्रिक ढांचा ध्वस्त होता दिख रहा है। आज एसटी, एससी, माइनॉरिटी, ओबीसी और महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए हम सभी को एक प्लेटफॉर्म पर आकर संघर्ष करना पड़ रहा है। यह बात सच है कि भारत सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, लेकिन वर्तमान में देश का लोकतंत्र खतरे में है।