-बोकारो थाना में दर्ज है माफिया के खिलाफ एफआइआर
-बोकारो में अतीक ने चलायीं थी ताबड़तोड़ गोलियां
– अब भी पुलिस के पास है अतीक का पसंदीदा रिवाल्वर
आजाद सिपाही संवाददाता
बोरमो। माफिया अतीक अहमद का अंत हो चुका है। प्रयागराज में शनिवार को उसे गोली मार दी गयी। इसके बाद भी अतीक की कहानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। उसकी एक के बाद एक दास्तां लोगों के सामने आ रही हैं। अतीक अहमद का खौफ केवल उत्तर प्रदेश में नहीं, झारखंड में भी था। इस बात की तसदीक बोकारो में दर्ज एफआइआर करती हैं। बोकारो के लोग उसके नाम से डरते थे।
अतीक समेत पांच पर है एफआइआर:
बोकारो थर्मल थाना में अतीक अहमद समेत पांच आरोपितों पर जारंगडीह बाजार में फायरिंग की प्राथमिकी हुई थी। कोयला कारोबारियों से विवाद के बाद फायरिंग की गयी थी। बाद में साक्ष्य के अभाव में वह बरी हो गया था। यह प्रकरण कांड संख्या 86/91 के तहत अंकित किया गया था। अधिवक्ता वेंकट हरि विश्वनाथन उर्फ बंबी ने बताया कि 80 के दशक में बोकारो थर्मल का बी प्लांट बन रहा था। तब उत्तर प्रदेश के कई ठेकेदार इस काम में लगे थे। किसी ठेकेदार का संबंध अतीक अहमद से था। ठेकेदार को उस समय कथारा के महलीबांध का दिनेश यादव रंगदारी मांगकर परेशान कर रहा था। तब ठेकेदार ने अतीक अहमद को सूचना दी थी। कुछ दिनों बाद शूटरों ने प्लांट में काम करने वाले ठेकाकर्मी नरेश राम की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
बोकारो थर्मल थाना में अतीक के नाम केस दर्ज:
घटना के वक्त यह बात चर्चा में रही थी कि अतीक के शूटर दिनेश को मारने आये थे। गलत रेकी के कारण नरेश की हत्या कर दी गयी। इसके बाद 1991 में बोकारो थर्मल प्लांट में कोयला कारोबार को लेकर कुछ लोगों से अतीक की कहासुनी हुई थी। इस घटना के बाद जारंगडीह बाजार में गोली चली थी। उसमें अतीक का नाम आया था। अतीक समेत पांच लोगों पर बोकारो थर्मल थाना में केस हुआ था।
पुलिस के पास है अतीक का पसंदीदा रिवाल्वर:
पुलिस ने जांच के दौरान एक रिवाल्वर व कारतूस जब्त किया था। उस रिवाल्वर को अतीक अहमद का बताया जा रहा था। पांच साल बाद साक्ष्य के अभाव में इस मामले में अतीक बरी हो गया। जब्त रिवाल्वर अभी भी पुलिस मालखाने में है। अधिवक्ता कहते हैं कि पांच माह पहले अतीक की जब्त रिवाल्वर रिलीज कराने उत्तर प्रदेश से एक युवक आया था। वह अपने को अतीक का निजी सहायक (पीए) बता रहा था, मगर वह ज्यादा दिन नहीं रुका। उस युवक का कहना था कि रिवाल्वर के हत्थे में सोना मढ़ा है। अतीक को काफी पसंद थी। उसे जल्द रिलीज करवाना है।