राज्य में शुरू हुए स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में इसी एकेडमिक ईयर से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार स्कूलों में एडमिशन के लिए कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है। इन स्कूलों में 12 जून से नया एकेडमिक ईयर शुरू हो जाएगा। इन स्कूलों में दो स्तर पर एडमिशन होगा। पहले स्तर में क्लास वन टू सिक्स और दूसरे स्तर में सात से 12 वीं तक एडमिशन लिया जाएगा।
10 मई तक होगा एडमिशन
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जो एडमिशन कैलेंडर जारी किया गया है, उसके अनुसार 27 अप्रैल को सभी जिला और राज्य मुख्यालय द्वारा स्कूलों में सीट निर्धारित कर विज्ञापन जारी किया जाएगा। 28 अप्रैल से 7 मई तक एडमिशन के लिए आवेदन किया जा सकेगा। यह आवेदन पूरी तरह से निशुल्क होगा। इसके बाद 8 से 10 मई तक आवेदनों की स्क्रूटनी होगी। 12 मई को प्रोविजनल लिस्ट जारी किया जाएगा। इसके बाद 13 और 14 मई तक अभिभावकों को आपत्ति के लिए समय मिलेगा। 15 मई को स्कूल के अनुसार फर्स्ट मेरिट लिस्ट जारी हो जाएगा। 16 से 10 मई तक सेलेक्टेड स्कूलों में एडमिशन लिया जाएगा। इसके बाद गर्मी की छुट्टी के बाद नया सेशन शुरू होगा। जारी किए गए कैलेंडर के अनुसार 10 जून तक गर्मी की छुट्टी निर्धारित है। 11 को रविवार है। इसके बाद 12 जून से स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
ऐसा है स्कूलों में एडमिशन का विकल्प
इन स्कूलों में एडमिशन के लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग सचिव के रवि कुमार की ओर से उपायुक्तों को निर्देश दिया गया है। उसके अनुसार राज्य में 27 उत्कृष्ट विद्यालय ऐसे हैं, जहां क्लास 9 से 12वीं तक की पढ़ाई होगी। 48 ऐसे स्कूल हैं, जहां क्लास 6 से 12वीं तक की पढ़ाई होगी। इन स्कूलों में क्लास 9 और क्लास 6 में एडमिशन लिया जाएगा। चार उत्कृष्ट विद्यालय ऐसे हैं, जहां पहली क्लास से लेकर 12वीं क्लास तक की पढ़ाई होगी। जबकि एक स्कूल ऐसा है जहां पहली क्लास से आठवीं क्लास तक की ही पढ़ाई होगी। इन स्कूलों में प्री प्राइमरी बाल वाटिका और पहली क्लास में एडमिशन लिया जाएगा।
एडमिशन में जिला महत्वपूर्ण
स्कूल आॅफ एक्सीलेंस के तहत कई श्रेणी के स्कूल हैं। शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने जो दिशा-निर्देश शैक्षणिक सत्र 2023-24 में एडमिशन के लिए दिया है, उस दिशा निर्देश के अनुसार वैसे स्कूल जहां क्लास 9 से 12वीं तक की पढ़ाई होती है, वहां क्लास 9 में एडमिशन हो सकेगा। वैसे स्कूल जहां क्लास 6 से 12वीं तक पढ़ाई होती है, वहां क्लास 6 में नामांकन होगा। स्कूल आॅफ एक्सीलेंस के तहत चयनित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में 25 सीट राज्य सरकार की ओर से निर्धारित किया गया है। इस सीट में जिला स्तर के मेधावी छात्राओं का एडमिशन होगा।
मेरिट लिस्ट ही फाइनल होगा
स्कूलों में एडमिशन के लिए अभिभावकों की ओर से दिए गए आवेदन और विभाग की ओर से निर्धारित योग्यता के आधार पर मेरिट लिस्ट निकाला जाएगा। यह मेरिट लिस्ट जिला स्तर पर निकलेगा और स्कूल के अनुसार होगा। सीटों की संख्या के अनुसार मेरिट लिस्ट घट बढ़ सकता है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 7 उत्कृष्ट मॉडल विद्यालयों में झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से आयोजित परीक्षा और सीटें खाली रहने पर जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा आयोजित चयन परीक्षा के माध्यम से तैयार मेरिट लिस्ट के आधार पर एडमिशन होगा। राज्य के पाकुड़ जिले में एक उत्कृष्ट विद्यालय है, जो प्रारंभिक शिक्षा से लेकर आठवीं तक संचालित है। इसमें छात्र-छात्राओं पहली क्लास में एडमिशन होगा।