नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना प्रसारण व युवा एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भेंट की। ठाकुर ने भारी बारिश के चलते बाढ़ से प्रभावित हिमाचल प्रदेश की त्वरित सहायता के लिए उनका हार्दिक आभार प्रकट किया।
केंद्रीय गृहमंत्री से भेंट के उपरांत अनुराग ठाकुर ने कहा, “ प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। अब तक लगभग 88 लोगों की मौत हो चुकी है। सड़कें व पुल नष्ट व ध्वस्त हो चुके हैं। लोगों की व्यक्तिगत, निजी संपत्तियों जैसे घरों और दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इन सभी से उबरने में काफी समय लगेगा।
ठाकुर ने कहा कि हिप्र के हालात पर चर्चा करने के लिए आज उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भेंट की व हिमाचल प्रदेश की त्वरित सहायता के लिए उनका आभार प्रकट किया।
ठाकुर ने कहा कि जिस तरह बिना देरी किए एनडीआरएफ की 12 टीमों को हिमाचल प्रदेश में राहत व बचाव कार्यों के लिए गृहमंत्री ने लगाया वो देवभूमि के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दिखाता है। जहां तक वित्तीय मदद की बात है तो केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को 180.40 करोड़ की पहली किश्त जारी कर दी है। इसका लाभ राहत-बचाव व पुनर्वास कार्यों को मिलेगा।
ठाकुर ने कहा, “ केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हालात पर पूरी तरह नज़र बनाए रखी है। वह भी हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर निकल रहे हैं। बाढ़ प्रभावित हिस्सों का निरीक्षण कर बारिश से प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।