-सभी दलों से बातचीत के बाद बहस का वक्त तय करेंगे: स्पीकर
आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली। संसद का मानसून सत्र चल रहा है। विपक्ष का बुधवार को भी मणिपुर मामले को लेकर गतिरोध जारी रहा। लोकसभा में बुधवार को कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। जिसे लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने मंजूरी दे दी। दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। स्पीकर ने नियमों के तहत 50 से ज्यादा सांसदों के समर्थन के बाद कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर बहस का समय सभी दलों से बातचीत के बाद तय करेंगे।
उधर, विपक्ष नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी की मांग करने लगे। इसके बाद लोकसभा 2 बजे तक स्थगित कर दी गयी। दोबारा कार्रवाई शुरू होने पर वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक पारित हुआ। हालांकि बाद में विपक्ष के हंगामे के चलते इसे गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। उधर, राज्यसभा में विपक्ष का हगामा लगातार जारी रहा। विपक्षी सांसद लगातार ‘वी वॉन्ट जस्टिस, पीएम मोदी जवाब दो’ के नारे लगाते रहे। विपक्ष ने लगातार दूसरे दिन सदन से वॉकआउट कर दिया। हालांकि, सदन में कुछ विधेयक पास होने के बाद कार्रवाई 27 जुलाई तक स्थगित कर दी गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अविश्वास प्रस्ताव पर अगले हफ्ते चर्चा हो सकती है। गुरुवार सुबह 10 बजे विपक्षी नेताओं की बैठक होगी। साथ ही स्पीकर भी गुरुवार को सभी दलों के नेताओं से बातचीत करेंगे। वहीं संभावना जतायी जा रही है कि अविश्वास प्रस्ताव पर दो दिन चर्चा की जा सकती है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

