नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा कि वह भारत जोड़ो यात्रा के आदर्श, प्रेरणा और उद्देश्य को हमेशा याद रखेगी। उस दिशा में हमेशा सतत रहेगी।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि आज ऐतिहासिक ”भारत जोड़ो यात्रा” की पहली वर्षगांठ है। इस मौके पर वह लाखों निडर भारतीयों को धन्यवाद देते हैं। यह यात्रा मीलों और किलोमीटरों में नहीं नापी जा सकती है। यह यात्रा सैकड़ों भाषाएं, लाखों आहें, करोड़ों उम्मीदों के रास्ते से होते हुई भारत के दिल में समा गई।
खेड़ा ने कहा कि यह यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है। यात्रा अभी चल रही है। उन्होंने कहा कि जब ”भारत जोड़ो यात्रा” चल रही थी, तो इसे असफल करने के कई षड्यंत्र हुए लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। एक जुड़ा हुआ भारत किसे परेशान कर सकता है?
खेड़ा ने कहा कि वे कौन सी ताकतें हैं जो अब ”भारत” को ”इंडिया” से भिड़वा रही हैं? आज यह सवाल बेहद जरूरी है, क्योंकि यह देश के वर्तमान और भविष्य के साथ जुड़ा हुआ है।
”भारत जोड़ो यात्रा” एक तीर्थ यात्रा थी और तीर्थ यात्रा कभी समाप्त नहीं होती। तीर्थ यात्रा, हर यात्रा का प्रारंभ होती है।