रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भीम कुमार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें उत्तराखंड का सह-प्रभारी भी बनाया गया है। पार्टी के इस फैसले से झारखंड कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी है।
छात्र राजनीति से शुरू किया राजनीतिक सफर
भीम कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। इसके बाद उन्होंने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) और युवा कांग्रेस में काम किया। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने प्रखंड, जिला और प्रदेश स्तर पर भी कई जिम्मेदारियां संभालीं। लंबे संगठनात्मक अनुभव के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
AICC सचिव और उत्तराखंड का सह-प्रभारी बनाए जाने पर भीम कुमार ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करते रहेंगे।
झारखंड कांग्रेस के नेताओं ने दी बधाई
भीम कुमार की नियुक्ति पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, मीडिया चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी, मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम. तौसीफ, आलोक कुमार दूबे, सुनीत शर्मा और राजन वर्मा समेत कई नेताओं ने खुशी जताई और उन्हें बधाई दी।
भीम कुमार ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी और प्रदेश कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया।

