पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह- मुंगेर से सांसद ललन सिंह ने जल संसाधन मंत्री संजय झा को पत्र लिखकर टाल क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया है। इसकी जानकारी उन्होंने मंगलवार को एक्स पर दी है। इससे पहले उन्होंने इस क्षेत्र की समस्या का जिक्र फोन कर संजय झा से कर चुके हैं।
ललन सिंह ने बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा को पत्र के माध्यम से बताया है कि आंटा, हथिदह, मरांची, डुमरा का टाल इलाका अन्य टाल क्षेत्रों से नीचा है। जिसके कारण इन टाल क्षेत्रों का पानी हरोहर नदी के माध्यम से नहीं निकल पा रहा है। इसी वजह से बीते तीन वर्षों से इन टाल क्षेत्रों में फसल बुआई नहीं हो पा रही है। इसकी जानकारी मुझे 16 दिसम्बर को इन क्षेत्रों की यात्रा के दौरान वहां के लोगों से हुई। जिसके बाद उन्होंने जल संसाधन मंत्री संजय झा को फोन लगाया था।
इस बार ललन सिंह ने संजय झा को पत्र लिखा है और यह अपील की है कि वे एक उच्च स्तरीय दल के साथ इन टाल क्षेत्रों में जाए और वहां की समस्या को देखें। टाल क्षेत्र के लिए जो योजना पूर्व से कार्यान्वित की जा रही है उसमें इन टाल क्षेत्रों के जल निकासी को भी शामिल करा लिया जाए।
जल संसाधन मंत्री संजय झा को ललन सिंह ने पत्र में लिखा है कि हमारे संसदीय क्षेत्र मुंगेर के मोकामा के औंटा, हथिदह, मरॉची, डुमरा का टाल क्षेत्र, अन्य टाल क्षेत्रों से नीचा है। इस कारण इन टाल क्षेत्रों का पानी हरोहर नदी के माध्यम से नहीं निकल पा रहा है। इसी वजह से 3 वर्षों से इन टाल क्षेत्रों में फसल बुआई नहीं हो पा रही है। इसकी जानकारी मुझे 16 दिसंबर को इन क्षेत्रों की यात्रा के दौरान प्राप्त हुई।
इस संबंध में, मैंने जल संसाधन मंत्री @SanjayJhaBihar जी और विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद जी से टेलीफोन से बात की और पत्र लिखकर आग्रह किया है कि जल संसाधन विभाग का एक उच्च स्तरीय दल जाकर इन टाल क्षेत्रों की समस्या का अध्ययन करे और टाल क्षेत्र के लिए जो योजना पूर्व से कार्यान्वित की जा रही है उसमें इन टाल क्षेत्रों के जल निकासी को भी शामिल करा लिया जाए।