बोकारो। संथाल समाज के सर्वोच्च तीर्थस्थल लुगुबुरु घंटाबाड़ी (धोरमगढ़) में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय संथाल सरना धर्म महासम्मेलन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी सिलसिले में उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में एसपी नाथू सिंह मीणा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी
उपायुक्त ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र, मुख्य धार्मिक स्थलों और लुगुबाबा गुफा तक जाने वाले पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती होगी।
भीड़ प्रबंधन के साथ मंदिर में दर्शन और पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी की है।
अस्थायी अस्पताल और 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा। यहां 24 घंटे एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। इसमें आईसीयू ऑन व्हील्स की सुविधा भी शामिल होगी।
पहाड़ी रास्तों पर क्विक रिस्पांस मेडिकल टीम (QRT) तैनात रहेगी, ताकि दुर्घटना या किसी आपात स्थिति में घायल और बीमार श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
पहाड़ी रास्तों को सुगम बनाने पर जोर
बैठक में लुगुबुरु पहाड़ पर मंदिर तक जाने वाले रास्तों को प्राकृतिक चट्टानों से छेड़छाड़ किए बिना श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने पर चर्चा हुई। पहाड़ के जरूरी स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था करने के लिए विद्युत विभाग और आयोजन समिति को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।
जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी को सीता नाला के आसपास साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और श्रद्धालुओं के बैठने योग्य स्थान विकसित करने की पहल करने को कहा गया। सुरक्षा बलों के उपयोग के लिए 200 टॉर्च उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त
श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्थायी पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएंगे। वाहनों के व्यवस्थित ठहराव और आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित होंगे। मंदिर दर्शन और पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रित रखने के साथ मंच के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अतिरिक्त जनरेटर सेट और पहाड़ी इलाकों में रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारी
24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए मंच की साज-सज्जा, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रोटोकॉल, साउंड सिस्टम और स्क्रीन डिस्प्ले समेत सभी तकनीकी व्यवस्थाओं को प्रशासनिक निगरानी में पूरा करने पर सहमति बनी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि महासम्मेलन के आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी आयोजन समिति की होगी, जबकि जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग, संसाधन और समन्वय उपलब्ध कराएगा। आयोजन समिति और प्रशासनिक टीम मिलकर महासम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देंगी।

