-वह आइआइटी भुवनेश्वर जोन की गर्ल्स टॉपर भी
-आइआइटी जेइइ में हासिल किया 305वां
रांची। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने आइआइटी प्रवेश परीक्षा जेइइ एडवांस्ड 2024 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में रांची के दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा तमन्ना कुमारी ऑल इंडिया रैंक 305 के साथ आइआइटी भुवनेश्वर जोन की गर्ल्स टॉपर और झारखंड की स्टेट टॉपर बनी हैं।
तमन्ना ने अपनी उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों और अपने माता-पिता को दिया। वहीं डीपीएस के 23 विद्यार्थियों ने जेइइ एडवांस 2024 में एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन कर प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बता दें कि इजीनियरिंग के क्षेत्र में यह सबसे कठिन परीक्षा मानी जाती है।
विद्यार्थियों की मेहनत रंग लायी: राम सिंह
विद्यार्थियों के अच्छे प्रदर्शन से प्राचार्य डॉ राम सिंह ने खुशी जाहिर की। उन्होंने छात्रों के साथ इस बेशकीमती पल को साझा किया और सफल प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इसके साथ ही विद्यार्थियों के सराहनीय प्रदर्शन के लिए उनके माता-पिता और शिक्षकों को बधाई दी। बता दें कि भुवनेश्वर जोन में पांच राज्य और एक यूनियन टेरिटरी झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ए अंडमान और निकोबार शामिल हैं।
वेद लोहाटी बने ऑल इंडिया टॉपर
एडवांस्ड परीक्षा में 360 में से 355 अंक हासिल कर वेद लोहाटी ऑल इंडिया टॉपर बने हैं। वेद आइआइटी दिल्ली जोन से हैं। वहीं फीमेल में आइआइटी बॉम्बे जोन की द्विजा धर्मेश कुमार पटेल ने 332 अंक प्राप्त कर टॉप किया है। जेइइ एडवांस्ड के रिजल्ट के साथ ही फाइनल आंसर की भी रिलीज किया गया है। स्कोरकार्ड की पीडीएफ कॉपी उपलब्ध करा दी गयी है। टॉप टेन में वेद लोहाटी पूरे देश में प्रथम स्थान पर हैं। वहीं दूसरे स्थान पर आदित्य, भोगलपल्ली संदेश ने तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं चौथे स्थान पर रिदम केडिया, पांचवें स्थान पर पुत्ती कुशल कुमार, छठे पर राजदीप मिश्रा, सातवें नंबर पर द्विज धर्मेश कुमार पटेल, आठवें स्थान पर कोडुरु तेजेश्वर, नौवें स्थान पर ध्रुविन हेमंत दोशी हैं।
जेइइ एडवांस्ड में 48,248 पास
जेइइ एडवांस्ड 2024 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। जेइइ एडवांस्ड 2024 में पेपर एक और दो दोनों में कुल 1,80,200 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 48,248 पास हुए हैं। पास विद्यार्थियों में 7,964 छात्राएं हैं।