रांची। राजधानी समेत राज्य के लगभग सभी हिस्से में मानसून का असर देखा जा रहा है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि जून में मानूसन देर से आने पर राज्य में बारिश कम ही हुई है। फिर भी लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 2 और 3 जुलाई को राज्य के उत्तर पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में भारी बारिश होगी। इसमें रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान वज्रपात भी होने के संकेत हैं। केंद्र ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 4 और 5 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।
केंद्र की मानें तो अबतक सिर्फ 73.5 मिमी वर्षा रिकार्ड की गयी है। पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अब तक 189.5 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी। राजधानी में 197.6 मिमी की जगह 90.8 मिमी वर्षा हुई है, जो कि सामान्य से भी कम है।
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के तापमान में चार डिग्री तक कमी दर्ज की गयी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से सोमवार को जारी सूची में जानकारी दी गयी कि रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, राज्य का औसतन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान में दो डिग्री तक की कमी दर्ज की जायेगी।
वहीं, बारिश की बात करें तो सबसे अधिक बारिश सिमडेगा के बांसजोर में 76.6 एमएम, पंचेत में 61 और गुमला रायडीह में 50 एमएम दर्ज किया गया। इसके साथ ही गढ़वा 48, लातेहार 24, सिमडेगा 50, बोकारो 13 और रांची में 3.4 एमएम बारिश दर्ज की गयी।