रांची में थे तेजस्वी यादव फिर भी नहीं बुलाया गया
रांची। राजद के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि तेजस्वी यादव के रांची में मौजूद होने के बावजूद उन्हें गठबंधन को लेकर किये जाने वाले एलान की सूचना नहीं दी गयी। राजद नेता मनोज झा ने कहा कि हमारा (राजद) पूरा नेतृत्व यहां है। आज सुबह बैठक हुई और उस बैठक में ये पाया गया कि ताकत जनाधार की है जो राजद के पक्ष में है। पिछली बार हम सात सीटों पर लड़े, क्योंकि लालू यादव का हृदय विशाल था। हमारा लक्ष्य था भाजपा को हटाओ, जो आज भी है। दुख के साथ कहना पड़ता है कि एकतरफा फैसला लिया गया।
अलग-अलग जिलों में हमारी जो मौजूदगी है, वो बहुत ताकतवर है। हम अपने गठबंधन के सहयोगियों को कहेंगे कि उसके अनुसार फैसला लें। कल से हमारे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव यहां (रांची) हैं, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव यहां हैं। हम लोगों ने 15 से 18 ऐसी सीटें चिह्नित की हैं, जहां हम शायद अकेले भी भाजपा को परास्त करने में सक्षम हैं। तमाम विकल्प खुले हुए हैं, क्योंकि कोई भी राजनीतिक दल अपने नेताओं और कार्यकतार्ओं की मनोभावना को दरकिनार करके आगे चले यह उचित नहीं लगता।