रांची। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा आम लोगों को मुद्दों को भटकाने के लिए नयी-नयी चीजें बतायेंगे। वह आम लोगों को हर समय भटकाने का प्रयास करती है। उन्होंने विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन की जीत का दावा किया। दरअसल भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करायी है। पार्टी ने आरोप लगाया कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनावी हलफनामे में अपनी उम्र के बारे में गलत जानकारी दी है। भाजपा के बरहेट सीट से उम्मीदवार गमलियल हेंब्रोम ने 30 अक्तूबर को चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करायी थी। इसमें कहा गया है कि हेमंत सोरेन की पांच साल में सात साल में उम्र बढ़ गयी है। इसी पर मीडिया द्वारा पूछे सवाल का वेणुगोपाल जवाब दे रहे थे।
एयरपोर्ट पर किया गया स्वागत:
महासचिव वेणुगोपाल सेवा विमान से शुक्रवार को रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल नेता रामेश्वर समेत अन्य नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने केसी वेणुगोपाल का झारखंड की परंपरा एवं संस्कृति के अनुसार स्वागत किया, अंग वस्त्र एवं पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया। बंधु तिर्की के नेतृत्व में छऊ नृत्य, ढोल-नगाड़े से भव्य स्वागत किया। केसी वेणुगोपाल ने स्वयं नगाड़ा बजाकर स्वागत कर्मियों का अभिवादन भी किया।
इंडी गठबंधन ने अच्छा काम किया है:
वेणुगोपाल ने कहा झारखंड में कांग्रेस-झामुमो गठबंधन की सरकार अच्छा काम कर रही है। झारखंड की जनता इंडी गठबंधन को पूर्ण बहुमत से विजयी बनायेगी। कांग्रेस का प्रदर्शन पिछली बार से और बेहतर होगा। इस बार और बड़ा जनादेश लेकर हम झारखंड में सरकार बनाने जा रहे हैं।