रांची। व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता में हुए दोहरे हत्याकांड केस के आरोपी दो सगे भाई अशोक कुमार गुप्ता और धर्मेंद्र कुमार गुप्ता की डिस्चार्ज पिटीशन पर अपर न्याययुक्त सुनील दत्त द्विवेदी की कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गयी। मामले में कोर्ट 19 दिसंबर को अपना आदेश सुनायेगा। इस मामले में आरोपियों पर आरोप गठित होना है, जिसे लेकर आरोपियों ने डिस्चार्ज पिटीशन दाखिल कर आरोप मुक्त करने की गुहार लगायी है।
दरअसल, 11 जुलाई 2023 को बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी बस्ती में दोहरी हत्या की घटना हुई थी। मोरहाबादी स्थित जूस दुकान के संचालक मुकेश साव और उनके कर्मचारी रोहन को गोली मार कर हत्या की गयी थी। व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता को लेकर जूस दुकानदार मुकेश साव और आरोपी अशोक कुमार गुप्ता के बीच रंजिश थी। 11 जुलाई 2023 की रात लगभग 10 बजे मुकेश साव अपने कर्मचारी रोहन के साथ दुकान बंद कर घर जा रहा था, तभी घात लगाये अशोक कुमार गुप्ता और धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने अपने सहयोगियों के संग मिल कर चिरौंदी साइंस सीटी के समीप दोनों की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इससे पहले घटना को अंजाम देने के लिए रेकी किया था। मामले को लेकर एसएसपी रांची के ने एसआइटी का गठन किया था। इस घटना को अंजाम देने के बाद फरार दोनो सगे भाई समेत तीन को पुलिस ने 19 अगस्त 2023 को गिरफ्तार किया था। मामले में पुलिस ने चार लोगों को आरोपी बनाया है।