रांची। किसी व्यक्ति के घर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का झंडा हटा कर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लगाने से संबंधित मामले में सांसद निशिकांत दुबे को झारखंड हाइकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। झामुमो का झंडा हटा कर बीजेपी का झंडा लगाने से संबंधित देवघर के बुधई थाना में दर्ज प्राथमिकी एवं इससे संबंधित दुमका की निचली अदालत में चल रही आपराधिक कार्यवाही को झारखंड हाइकोर्ट ने निरस्त कर दिया। हाइकोर्ट ने निशिकांत दुबे की याचिका को स्वीकृत कर लिया, साथ ही मामले को निष्पादित कर दिया।
दरअसल, आरोप है कि वर्ष 2021 में सांसद निशिकांत दुबे ने जितेंद्र प्रसाद वर्णवाल एवं रविंद्र प्रसाद वर्णवाल के घर पर लगे झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी के झंडे को हटा दिया था, साथ ही उन्होंने उस घर में भाजपा का झंडा लगा दिया था, जिसे लेकर झामुमो कार्यकर्ता गुलाम मुहिबुल अजमानी ने देवघर के बुधई थाना में कांड संख्या 30/ 2021 दर्ज कराया था। सांसद निशिकांत दुबे की ओर से इससे संबंधित प्राथमिकी एवं मामले में दुमका की निचली अदालत में चल रही कार्यवाही को निरस्त करने का आग्रह हायकोर्ट से किया गया था।