नवादा। जिले के लालपुर पंचायत के नव निर्वाचित पैक्स अध्यक्ष अशोक यादव की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वे लगभग 45 वर्ष के थे। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद 15 दिन से पटना के मेदांता हॉस्पीटल में ईलाजरत थे। उनके पार्थिव शरीर को निजी आवास लालपुर लाया गया। यहां उनके अंतिम दर्शन के लिए शुभचिन्तकों का तांता लगा रहा।
प्रखण्ड प्रमुख रीना राय, उप प्रमुख नवीन यादव, पैक्स अध्यक्ष संजय यादव, नरेंद्र सिंह, रामाश्रय सिंह, रजनीश कुमार, सुनील साव, कौआकोल के सरपंच प्रतिनिधि शैलेष कुमार आर्य, लालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बिनोद यादव, सोखोदेवरा के मुखिया प्रतिनिधि मंटू यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं सरकारी, गैर सरकारी कर्मियों ने पैक्स अध्यक्ष अशोक यादव के निधन पर गहरा शोक जताते हुए मृत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को सहनशक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। लोगों ने कहा कि अशोक यादव एक मिलनसार, हंसमुख, समाजसेवी तथा लोकप्रिय व्यक्ति थे। उनके निधन से प्रखण्ड को काफी क्षति पहुंची है।
उल्लेखनीय है कि नव निर्वाचित पैक्स अध्यक्ष 28 नवम्बर की रात एक दोस्त को रूपौ छोड़कर निजी वाहन से खुद वाहन चलाते हुए कौआकोल घर लौट रहे थे। इस बीच उनका वाहन अनियंत्रित होकर चोंगवा पुल के पास पलट गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। उनका वाहन भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।