रांची। रांची शहर से सटे आसपास के क्षेत्रों में भवन निर्माण नियमावली बनाने का निर्देश रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार को दिया गया है ताकि बेतरतीब ढंग से हो रहे विकास पर नियंत्रण लगाया जा सके। नगर विकास विभाग ने इस संबंध में सभी नगर निकायों को पत्र भी लिखा है। नयी नियमावली बनाने का प्रयास लगभग 1 साल से किया जा रहा है। इसमें शहरों के विकास के लिए विस्तृत रूप से रूपरेखा तय की जायेगी। उसी के अनुरूप भवन का नक्शा पास होगा सड़कें बनायी जायेंगी। वहीं, सभी शहरों के सड़क सुदृढीकरण की रिपोर्ट मंगवायी गयी है। पथ निर्माण विभाग के सहयोग से सभी शहरों की सड़कों सुधारा जायेगा।
रांची धनबाद सहित कई शहरों में बनेगी आवासीय कॉलोनी
शहरों में आवास उपलब्ध कराने के लिए झारखंड हाउसिंग बोर्ड को तत्परता से योजना बनाने का निर्देश दिया गया है। नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव ने बताया कि रांची, धनबाद, हजारीबाग, देवधर, बोकारो एवं मेदिनीनगर में हाउसिंग कालोनी बनायी जानी है, इसके लिए संबंधित जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिख दिया गया है।