रांची। शहर के पिठौरिया के नवा टोली स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में रविवार को संस्था के संस्थापक प्रजापिता ब्रह्म बाबा का 56वां पुण्य स्मृति दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर सेवा केंद्र संचालिका बीके राजमती ने ब्रह्म बाबा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा ने मानव मात्र के जीवन को सुखी बनाने के लिए कई प्रेरणाएं दी हैं।
बाबा की शिक्षाएं मनोवैज्ञानिक रूप से बहुत लाभदायक सिद्ध हुई हैं और आज पूरे विश्व में ब्रह्म बाबा की शिक्षा के जरिये लाखों लोगों ने अपना जीवन सुखमय बनाया है।
युवा समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि ब्रह्म बाबा एक आध्यात्मिक प्रणेता थे, जो लोगों के जीवन से अवगुणों को छुड़ाने के मार्गदर्शक बने। समाजसेवी सह बाड़ू पंचायत के सरपंच अशोक उरांव ने जीवन में आध्यात्मिकता को अपनाने की बात कही। समाजसेविका संपति देवी ने भी अनुभव साझा किया और ब्रह्म बाबा को श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर संस्था की उर्मिला देवी, लीला देवी, कविता सेन और किरण देवी सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।