ऑपरेशन सिंदूर सशस्त्र सेनाओं के पराक्रम का परिचायक है : संजय सेठ
संजय सेठ, बाबूलाल सहित कई भाजपा नेताओं तिरंगा यात्रा में हुए शामिल
रांची। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता भारत की सशस्त्र सेनाओं के पराक्रम का परिचायक है। सैन्य जवानों के सम्मान में रांची में भव्य तिरंगा यात्रा बुधवार को निकाली गयी। वे भी इसमें शामिल हुए और सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। तिरंगा यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि सिंदूर की रक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और मजबूत इरादों को दुनिया ने देखा है। यह तिरंगा यात्रा भारत के शौर्य और सेना के अदम्य साहस को समर्पित है। आतंकवाद के विरुद्ध इस लड़ाई में तिरंगा हमारी एकता, हमारी अखंडता का परिचायक है। मातृभूमि की रक्षा में अहर्निश अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे सभी वीर जवानों को उनका प्रणाम।
रांची में निकाली गयी इस तिरंगा यात्रा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र राय, रांची विधायक सीपी सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिलाध्यक्ष धीरज महतो, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, निवर्तमान डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, भाजपा नेता सुबोध सिंह गुड्डू, आरती कुजूर, सत्यनारायण सिंह, अमित कुमार, रोमित नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और रांची के नागरिक भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि पिछले दिनों पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में पर्यटकों पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। दो दर्जन से अधिक पर्यटकों ने अपनी जान गंवायी थी। इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था।
तिरंगा यात्रा का समापन लालपुर स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर हुआ। भाजपा नेताओं ने धरती आबा को नमन कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि धरती आबा का जीवन और समाज के लिए समर्पण हम सबके लिए प्रेरणादायी है।