रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि रांची जिले के सिल्ली में जल संकट की स्थिति बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। केंद्र सरकार ने झारखंड में हर घर तक जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार को हजारों करोड़ रुपये प्रदान किये। लेकिन इस राशि का बड़ा हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है। जबकि भ्रष्टाचारियों की आत्मा काले धन से तृप्त हो रही है। डीसी रांची मामले का संज्ञान लेकर सिल्ली प्रखंड सहित पूरे जिले में जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
केंद्र सरकार और सुरक्षाबलों की सर्जिकल रणनीति का दिख रहा असर
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि लातेहार के ईचाबार जंगल में पुलिस और सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में जेजेएमपी सुप्रीमो पप्पू लोहरा और 5 लाख के इनामी नक्सली सबजोनल कमांडर प्रभात गंझू को ढेर कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि केंद्र सरकार और सुरक्षाबलों की सर्जिकल रणनीति का असर साफ दिख रहा है। नक्सली अब सिमट कर छोटे इलाकों में छुपने को मजबूर हैं। झारखंड को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में ये एक और मजबूत कदम है।