पश्चिम सिंहभूम। सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी नीमडीह में 14 जुलाई को सुमित सिंह यादव की गोली मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। मृतक सुमित सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता के फर्द बयान के आधार पर 14 जुलाई को सदर थाना में कांड संख्या( (56/25) दर्ज किया गया था।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सदर थाना और मुफ्फसिल थाना के प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और मानव आसूचना के आधार पर कुल पांच आरोपियों की पहचान की। लगातार छापामारी के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में अभिजीत अधिकारी (28 )और सौरभ राज उर्फ विक्टर (20 ) शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पूर्व की रंजिश बताया गया है।
पुलिस ने आरोपित अभिजीत अधिकारी के पास से खून से सना शर्ट बरामद किया है, जिस पर मृतक सुमित सिंह यादव का खून लगा हुआ पाया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने बताया कि फरार तीन अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।