पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रियों का पांचवां और अंतिम दल रविवार सुबह गूंजी के लिए रवाना हुआ। 50 सदस्यीय दल में 37 पुरुष और 13 महिला यात्री शामिल हैं। कैलाश मानसरोवर जाने वाला यात्रियों का यह जत्था शनिवार रात्रि साढ़े 10 बजे पिथौरागढ़ पहुंचा। दल ने केएमवीएन पिथौरागढ़ में रात्रि विश्राम किया और रविवार प्रातः साढ़े 7 बजे गूंजी के लिए प्रस्थान किया। आज यह दल गूंजी पहुंच जाएगा।
दल के साथ लाइजनिंग अधिकारी मनु महाराज और ओम प्रकाश यात्रा संचालन व समन्वय का दायित्व निभा रहे हैं। स्वाला (चम्पावत) में शनिवार को सड़क अवरुद्ध होने से यह दल निर्धारित समय से विलंबित होकर पहुंचा। आज चौथा दल लिपुलेख दर्रे से चीन की सीमा में प्रवेश कर अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हो चुका है। जिला प्रशासन की ओर से मानसरोवर यात्रा की लगातार निगरानी की जा रही है।
पांचवें दल में बिहार 2, झारखंड 1, तमिलनाडु 4, छत्तीसगढ़ 2, कर्नाटक 4, तेलंगाना 3, दिल्ली 4, मध्य प्रदेश 2, त्रिपुरा 1, गुजरात 8, महाराष्ट्र 1, उत्तर प्रदेश 6, हरियाणा 3, राजस्थान 6, पश्चिम बंगाल 2 और हिमाचल प्रदेश 01 से आए हैं।