झारखंड में 10 सितंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मंगलवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से तेज धूप रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। रांची में अधिकतम 92 प्रतिशत तक उमस दर्ज की गई, जो इस मौसम में बेहद असहज स्थिति मानी जा रही है।
बीते 24 घंटे में कोडरमा जिले के चंदवारा में सबसे अधिक 42 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं तापमान की बात करें तो सरायकेला में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा था। सबसे कम तापमान लातेहार में 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो रांची और जमशेदपुर दोनों में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 34.2 डिग्री, बोकारो में 34.1 डिग्री और चाईबासा में 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।