रांची। राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। कचहरी चौक स्थित संग्राम क्लब दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष भव्य और अनूठे पंडाल की प्रस्तुति कर रही है। इस बार पंडाल का डिज़ाइन प्राचीन भारतीय मंदिरों, विशेष रूप से ओडिशा के लिंगराज और कोणार्क मंदिर से प्रेरित होगा।
पंडाल की ऊंचाई 55 फीट और चौड़ाई 50 फीट होगी, जबकि मां दुर्गा की प्रतिमा 12 फीट की होगी। पंडाल की दीवारों और छतों को पारंपरिक महल की शैली में सजाया जा रहा है। छतों पर अलंकरण किया जाएगा, जिससे पूरे पंडाल में दिव्यता का माहौल बनेगा।
पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से पंडाल का निर्माण किया जा रहा है, जो इसे और खास बनाता है। मां दुर्गा की प्रतिमा भी बेहद आकर्षक होगी। कुल मिलाकर लगभग 15 लाख रुपये का खर्च अनुमानित है, जिसमें से पंडाल पर 6.5 लाख, लाइट और साउंड पर 2 लाख, मूर्ति पर 1.5 लाख और पूजा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं पर 4 लाख रुपये खर्च होंगे।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और स्वयंसेवकों की भी तैनाती की जाएगी। सप्तमी तिथि को पंडाल सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।