रांची। झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों में 25 और 26 अक्तूबर को मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। जिन जिलों में बारिश का असर दिख सकता है, उनमें पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ और जामताड़ा शामिल हैं। इन इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बिजली गरजने के साथ वर्षा हो सकती है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
बारिश के असर से तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है। अभी अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, जो 25-26 अक्तूबर को घटकर क्रमशः 28 और 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होगी। रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग और रामगढ़ में मौसम सामान्य और सुहावना रहेगा, जबकि कोडरमा और चतरा में दिन का तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव का असर झारखंड पर 26 अक्तूबर के बाद पड़ सकता है। हालांकि अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक रह सकता है। आगामी दिनों में ठंड की हल्की शुरुआत संभव है।