जमशेदपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को जमशेदपुर और आदित्यपुर के दौरे पर आ रही हैं। उनका पहला कार्यक्रम करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान और दूसरा आदित्यपुर के एनआईटी में प्रस्तावित है। इसको देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं।
29 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक सोनारी एयरपोर्ट से दिशोम जाहेरथान, करनडीह होते हुए परिसदन और खरकई गोलचक्कर तक के मार्ग पर ऑटो, बस और अन्य व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
मालवाहक वाहनों पर सबसे सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक ट्रक, ट्रेलर और डंपर जैसे सभी मालवाहक वाहनों की शहर में एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाएं पुलिस निगरानी में चलेंगी।
प्रशासन ने आम जनता की सुविधा के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं:
- मानगो से सरायकेला, पोटका, चाईबासा जाने वाले वाहन मरीन ड्राइव होकर आदित्यपुर-गम्हरिया रूट लेंगे।
- पोटका, हाटा, ओडिशा से आने वाले वाहन सरायकेला-कांड्रा-गम्हरिया-मरीन ड्राइव से प्रवेश करेंगे।
- रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन आरडी टाटा गोलचक्कर, सुनसुनिया गेट, बर्मामाइंस, टीआरएफ मोड़ और स्टार टॉकीज रूट का उपयोग करेंगे।
- आपात स्थिति में सुंदरनगर-करनडीह से साकची के लिए एलबीएसएम कॉलेज, घाघीडीह जेल, लाल बिल्डिंग, डीबी चौक, बाटा चौक और जुगसलाई फाटक रूट उपलब्ध है।
- घाटशिला-मुसाबनी जाने वाले डिमना रोड लेंगे।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा टालने और सहयोग करने की अपील की है।

