पाकुड़। पाकुड़ नगर के तांतीपाड़ा रोड स्थित वार्ड नंबर 10 में सड़क और नाली की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दस वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन समय के साथ इसकी हालत काफी खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह पत्थर उखड़ गए हैं, गड्ढे बन चुके हैं और बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह सड़क पाकुड़ शहर की मुख्य सड़क के बाद एक महत्वपूर्ण बायपास मार्ग है, जहां से दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का लगातार आवागमन होता है। खराब सड़क के कारण आए दिन फिसलने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
सड़क के साथ-साथ मोहल्ले की नाली व्यवस्था भी बदहाल है। एक ओर बनी नाली की पिछले दो वर्षों से सफाई नहीं हुई है, जबकि दूसरी ओर नाली पूरी तरह खुली हुई है और उस पर ढक्कन तक नहीं है। खुली नालियों से बदबू फैल रही है, जिससे लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले नाले कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
मोहल्लावासियों का आरोप है कि वे लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और जनप्रतिनिधियों ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर लोगों ने स्पष्ट किया है कि जो भी उम्मीदवार सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास का भरोसा देगा, वे सामूहिक रूप से उसी को समर्थन देंगे।

